भोपाल: मध्य प्रदेश के मैहर में शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बजट और नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ कथित टिप्पणी के विरोध में किए जा रहे पुतला दहन के दौरान आग भड़कने से एक पुलिस अधिकारी इसकी चपेट में आ गए। मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता अलाउद्दीन तिराहे पर एकत्र होकर नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान पुतला दहन किया जा रहा था, जिसमें ज्वलनशील पदार्थ डाले गए थे। अचानक आग तेज हो गई और वहां मौजूद यातायात प्रभारी विक्रम पाठक की वर्दी में आग लग गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना होते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सूझबूझ दिखाते हुए विक्रम पाठक की वर्दी पर लगी आग बुझाई। कुछ ही मिनटों में स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया और अधिकारी को प्राथमिक उपचार दिया गया। अधिकारी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। मैहर में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुए इस हादसे ने पुतला दहन जैसे आयोजनों में सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को फिर सामने ला दिया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।


