रांची : पुलिस मुख्यालय ने जिलों में उपलब्ध कराए गए नए वाहनों का अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं होने व नंबर प्लेट नहीं लगने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलों के एसपी को निर्देश जारी किया है. मुख्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार जिन नए वाहनों को खरीदा गया है, उनका पंजीकरण और नंबर आवंटन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने की बात कही गई.
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि संबंधित जिला यह सुनिश्चित करें कि उनके अधीन संचालित सभी नए वाहन विधिवत पंजीकृत हो और उन पर निर्धारित नंबर प्लेट लगी हो. इससे वाहनों की पहचान, रिकॉर्ड संधारण और परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में भीषण गर्मी और मॉनसून का कहर जारी, जाने कब मिलेगी राहत
निर्देश में यह भी कहा गया है कि यदि किसी जिले को वाहन पंजीकरण या नंबर प्लेट आवंटन से संबंधित किसी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ रहा हो, तो वह तत्काल मुख्यालय के संबंधित प्रकोष्ठ (HQRT) से संपर्क कर आवश्यक सहयोग प्राप्त करें.
मुख्यालय ने ऐसे मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया है. जिससे प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो. पुलिस मुख्यालय की और से सभी रेंज डीआईजी को निर्देश दिया गया है कि वे पूरे मामले की मॉनिटरिंग करेंगे और वाहनों में नंबर प्लेट लगाए जा रहे हैं या नहीं, इस बात की समीक्षा करेंगे.




