Lifestyle Desk: सुबह आंख खुलते ही चाय या कॉफी. ऑफिस या कॉलेज पहुंचते ही एक और कप. और शाम तक थकान होते ही एनर्जी ड्रिंक. आज की जेन-जी में कैफीन धीरे-धीरे आदत नहीं, जरूरत बनती जा रही है. हम सब जानते हैं कि कैफीन पीते ही थोड़ा फ्रेश फील होता है. नींद कम लगती है और काम पर फोकस बढ़ता है. लेकिन दिक्कत यहीं से शुरू होती है. जब हर बार थकान में दिमाग सीधे चाय या कॉफी मांगने लगे, तो समझिए शरीर इसकी आदत डाल चुका है. जेन-जी के बीच यह ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है. पढ़ाई, मोबाइल स्क्रीन और काम के दबाव के बीच कैफीन एक आसान रास्ता लगने लगता है.
Highlights:
इसे भी पढ़े: मुंबई में Cafe Mondegar में किचन की लापरवाही पर FDA का बड़ा एक्शन, लाइसेंस सस्पेंड
एनर्जी ड्रिंक ने बढ़ाई टेंशन
अब सिर्फ चाय-कॉफी तक बात नहीं रही. एनर्जी ड्रिंक ने इसमें नया ट्विस्ट जोड़ दिया है. लोग इसे तुरंत एनर्जी के लिए लेते हैं, लेकिन इसके अंदर छिपी चीजें ज्यादा चिंता की वजह हैं. इन ड्रिंक्स में कैफीन के साथ हाई शुगर और दूसरे उत्तेजक तत्व भी होते हैं. ज्यादा मात्रा में लेने पर दिल की धड़कन तेज हो सकती है. ब्लड प्रेशर भी बढ़ सकता है. यानी जो चीज आपको एक्टिव कर रही है, वही शरीर पर दबाव भी डाल रही है.
नींद गायब, मूड ऑफ
कभी आपने नोटिस किया है कि रात में नींद देर से आती है. या सुबह उठकर भी फ्रेश नहीं लगते. इसके पीछे कैफीन बड़ी वजह हो सकती है.शाम या रात में चाय-कॉफी लेने से नींद का पूरा साइकल बिगड़ जाता है. रिसर्च भी कहती है कि सोने से कई घंटे पहले लिया गया कैफीन भी असर करता है. नतीजा ये कि अगले दिन चिड़चिड़ापन, ध्यान की कमी और थकान बनी रहती है.
दिल पर भी पड़ रहा असर
ज्यादा कैफीन सिर्फ नींद ही नहीं बिगाड़ता, दिल पर भी असर डाल सकता है. कुछ लोगों में हार्टबीट तेज हो जाती है. ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है. अगर पहले से बीपी या दिल की कोई समस्या है, तो ज्यादा सावधानी जरूरी है. खासकर एनर्जी ड्रिंक के मामले में, क्योंकि इसमें सिर्फ कैफीन ही नहीं, और भी कई उत्तेजक चीजें होती हैं.
कैफीन पर कंट्रोल, नहीं तो सेहत पर असर
अब सवाल ये है कि क्या चाय-कॉफी पूरी तरह छोड़ दें. जवाब है नहीं. लेकिन थोड़ा कंट्रोल बहुत जरूरी है. दिन में कितनी बार कैफीन ले रहे हैं, इस पर नजर रखें. हर छोटी थकान में एनर्जी ड्रिंक लेने की आदत से बचें. और सबसे जरूरी, शाम के बाद कैफीन कम कर दें. चाय-कॉफी बुरी नहीं है, लेकिन जरूरत से ज्यादा हर चीज नुकसान करती है.


