रांची : रांची के एयरपोर्ट थाना में ईडी के दो अधिकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी मामले की सीबीआई जांच कराने के झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है. याचिका झारखंड सरकार की ओर से दायर की गई है या नहीं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार याचिका राज्य सरकार की ओर से ही दायर की गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें : दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को ईमेल से मिला संदेश
बता दें कि इसी महीने 11 तारीख को ईडी अधिकारियों की ओर से दायर याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट ने फैसला सुनाते हुए दर्ज प्राथमिकी मामले की जांच सीबीआई से कराने का आदेश दिया था. ईडी अधिकारियों के खिलाफ मनी लांड्रिंग केस के आरोपी संतोष कुमार ने 12 जनवरी को नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाई थी. जिसके बाद रांची पुलिस मामले की जांच को लेकर ईडी कार्यालय भी पहुंची थी. पुलिस की इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए ईडी ने झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल की थी.
इधर झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद इस मामले में सीबीआई ने अपनी जांच भी शुरू कर दी है. सीबीआई ने एयरपोर्ट थाना में दर्ज कांड संख्या 5/2026 को टेकओवर किया है. CBI की क्राइम ब्रांच ने कांड संख्या RC- 03(S)/2026/SC-III/ND दर्ज की है.

