रांची: रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर खोरहा टोली (गली नंबर-1) से 18 माह की मासूम बच्ची अदिति पांडेय शनिवार शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। बच्ची के अचानक गायब होने के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं। परिजनों के अनुसार अदिति शनिवार शाम करीब 4:30 बजे घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन को दी गई।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-

रांची पुलिस ने जारी की अपील
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस ने आम लोगों से बच्ची की तलाश में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि अदिति पांडेय के बारे में सही जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। साथ ही सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान
मासूम बच्ची के लापता होने के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रांची पुलिस को निर्देश देते हुए लिखा कि अदिति बिटिया की खोज से जुड़े अभियान में कार्रवाई करते हुए शीघ्र सूचित करें। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार छानबीन कर रहा है।
परिवार ने लोगों से मांगी मदद
बच्ची के परिजन लगातार लोगों से मदद की अपील कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर किसी व्यक्ति को बच्ची कहीं दिखाई दे या उसके बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत मोबाइल नंबर 6203427434 पर संपर्क करें। परिवार को उम्मीद है कि लोगों की मदद से उनकी मासूम बच्ची जल्द सुरक्षित वापस मिल जाएगी।




