नई दिल्ली : भारत सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि देश में पेट्रोल-डीज़ल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. साथ ही यह भी कहा कि पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में इज़ाफ़ा नहीं हुआ है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा, “हमारे पास हर साल लगभग 26 करोड़ टन कच्चे तेल को रिफ़ाइन करने की क्षमता है.”
इसे भी पढ़ें : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने कोलकाता आरजी कर रेप मर्डर पीड़िता की मां को दिया टिकट
उन्होंने कहा, “पिछले दो दिनों में कई जगहों पर पेट्रोल पंप और रिटेल आउटलेट्स के बाहर लाइनें देखी गई हैं और लोग घबराकर ज़्यादा ख़रीदारी कर रहे हैं. हमारे पास पर्याप्त पेट्रोल और डीज़ल मौजूद है. किसी भी पेट्रोल पंप पर तेल की कमी नहीं है. पेट्रोल पंपों को सप्लाई करने वाले टर्मिनल्स में भी पर्याप्त मात्रा में तेल है.”
संयुक्त सचिव ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, “अफ़वाहों पर ध्यान न दें और घबराकर ख़रीदारी न करें. पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है.” पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक प्रेस रिलीज़ के ज़रिए यह भी स्पष्ट किया था कि एलपीजी रीफ़िल की बुकिंग टाइमलाइन को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे नए दावे ग़लत हैं. मंत्रालय ने आगे बताया, “रीफ़िल बुकिंग की पुरानी टाइमलाइन ही लागू है और वही जारी रहेगी. शहरी इलाक़ों में 25 दिन और ग्रामीण इलाक़ों में 45 दिन.”


