पटना : जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार शनिवार को जेडीयू में शामिल होंगे.
नीरज कुमार ने पार्टी मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत में कहा, “कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और विधायकों ने निशांत कुमार के राजनीति में आने की मांग की. निशांत कुमार कल जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे.” उन्होंने आगे कहा, “निशांत कुमार ने यह तय किया है कि वो पूरे राज्य का दौरा भी करेंगे.”
नीरज कुमार ने बताया, “नीतीश कुमार ने विधायकों को आश्वस्त किया है कि जैसे मुख्यमंत्री के तौर पर मैं सक्रिय रहा, ठीक उसी तरह से मैं अब भी आपके संपर्क में रहूंगा.” हालांकि, नीरज कुमार ने यह स्पष्ट नहीं किया कि निशांत कुमार सरकार का हिस्सा होंगे या नहीं. गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाख़िल कर दिया था.


