पटना : बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद अब सूबे में नई सरकार के गठन की बारी है. नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. नीतीश कुमार की सरकार में बीजेपी के कोटे से दो डिप्टी सीएम होंगे. सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा फिर से नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे. नीतीश कैबिनेट में बीजेपी से 14, जदयू से 8, लोजपा(रा) से 2 के अलावा हम और रालोमो से एक-एक मंत्री बनेंगे.
जेडीयू के कोटे से अशोक चौधरी, विजय कुमार चौधरी, लेशी सिंह और जमा खान समेत कुल आठ मंत्री बनेंगे. इसके अलावा मदन सहनी, श्रवण कुमार, सुनील कुमार पिंटू और महेश्वर हजारी का नाम सामने आया है.
उधर बीजेपी कोटे से नौ नए चेहरे समेत कुल 14 मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. इनमें डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा मंगल पाण्डेय और नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संजय टाइगर भी बीजेपी कोटे से मंत्री बनेंगे. नई सरकार में बीजेपी की महिला मंत्री भी होंगी. श्रेयसी सिंह और रमा निषाद मंत्री पद की शपथ लेंगी. इसके अलावा प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, दिलीप जायसवाल, नारायण प्रसाद, अरूण शंकर प्रसाद भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं.
लोजपा (रा) कोटे से बखरी से विधायक बने संजय कुमार और महुआ से पहली बार विधायक चुने गए संजय सिंह मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं तो वहीं हम कोटे से केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बेटे और पिछली सरकार में मंत्री रह चुके संतोष सुमन फिर से मंत्री पद की शपथ लेंगे.
नीतीश सरकार में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कोटे से दीपक प्रकाश मंत्री बनेंगे. पहले कुशवाहा की पार्टी से उनकी पत्नी स्नेहलता कुशवाहा का नाम मंत्री पद के लिए चल रहा था. उपेंद्र कुशवाहा को सीट शेयरिंग के समय बीजेपी ने एक एमएलसी सीट देने का वादा किया था. उपेंद्र कुशवाहा़ ने अब अपने पुत्र दीपक प्रकाश की एमएलसी बर्थ कन्फर्म करने के लिए पत्नी की जगह उनका नाम आगे कर दिया है.


