नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग इतनी भयानक थी कि कुछ शव बुरी तरह जल गए, जिनकी पहचान अब डीएनए जांच के जरिए की जाएगी। शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस और दमकल विभाग को सुबह करीब 4 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग तेजी से इमारत के कई फ्लैट्स में फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत टीम मौके पर पहुंची।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
चारों मंजिलों तक फैल गई थी आग
बताया जा रहा है कि आग लगने के कुछ ही मिनटों में पूरे भवन में धुआं और लपटें फैल गईं। आग इमारत के 5 से 6 फ्लैट्स तक पहुंच गई थी। कई लोग धुएं और आग के बीच फंस गए थे। मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक संजय गोयल ने बताया कि कुछ लोग अपने फ्लैट का दरवाजा समय पर नहीं खोल पाए, जिसके कारण वे बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि कुछ शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। पुलिस के अनुसार, मृतकों के शव अलग-अलग मंजिलों से बरामद किए गए।
पहले फ्लोर से एक शव मिला। दूसरे फ्लोर से पांच शव बरामद हुए और तीन शव सीढ़ियों के पास मिले, जहां दरवाजा बंद था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि लोग जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सफल नहीं हो सके। दमकल विभाग की टीमों ने राहत और बचाव अभियान चलाकर करीब 10 से 15 लोगों को बालकनी और खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला। इस दौरान दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
10 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
आग बुझाने के लिए मौके पर 10 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों को संकरी गलियों और धुएं के कारण राहत कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। वहीं कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि एसी में धमाका होने के बाद आग लगी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।


