रांची: झारखंड सरकार ने रिम्स के विकास और स्वास्थ्य योजनाओं के लिए 100 करोड़ का सहायता अनुदान मंजूर किया है. वहीं रांची सदर अस्पताल में अत्याधुनिक बोन मैरो स्टेम सेल ट्रांसप्लांट (BMT) यूनिट की स्थापना और संचालन के लिए 13.45 करोड़ की स्वीकृति दी गई है. रिम्स को मिली 100 करोड़ की राशि का उपयोग अस्पताल के विकास कार्यों, डायग्नोस्टिक एवं रेडियोलॉजी जांच के अलावा सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग को मजबूत करने में खर्च होगा. इस राशि से आधुनिक मशीनें व चिकित्सा उपकरण भी खरीदे जाएंगे.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : 14वीं JPSC परीक्षा गड़बड़ी को लेकर बाबूलाल मरांडी का दावा, मुख्यमंत्री यदि पाक-साफ तो CBI जांच से आपत्ति क्यों
अत्याधुनिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट
वहीं, सदर अस्पताल में बोन मैरो स्टेम सेल ट्रांसप्लांट यूनिट की स्थापना और संचालन के लिए 13.45 करोड़ की स्वीकृति दी गई है. इसके शुरू होने से थैलेसीमिया, ब्लड कैंसर, एप्लास्टिक एनीमिया, लिंफोमा और अन्य गंभीर रक्त संबंधी बीमारियों का इलाज राज्य में ही संभव हो सकेगा. बताया जा रहा है कि 13.45 करोड़ में 4 करोड़ विशेष भवन और इंफ्रास्ट्रक्चर, 7 करोड़ अत्याधुनिक मेडिकल उपकरण और लैब सिस्टम, 1 करोड़ कंज्यूमेबल्स, 1 करोड़ उपकरणों के रखरखाव (CMC) तथा 45 लाख डॉक्टर, नर्स और तकनीकी स्टाफ की शुरुआती व्यवस्था पर खर्च किए जाएंगे.


