नई दिल्ली : शनिवार को धर्मेंद्र प्रधान के केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के बाद प्रल्हाद जोशी ने अतिरिक्त कार्यभार के रूप में रविवार को शिक्षा मंत्रालय का प्रभार संभाल लिया. समाचार एजेंसी पीटीआई से नवनियुक्त केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा, “माननीय प्रधानमंत्री ने मुझ पर भरोसा जताते हुए मुझे यह बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी है. मैं कल रात कर्नाटक में था. आज सुबह यहाँ आकर मैंने अपना कार्यभार संभाल लिया है.”
इसे भी पढ़ें : सिवान फायरिंग मामले में घायल तीनों मेदांता रेफर, तेजस्वी यादव ने कहा – AK-47 से हुई फायरिंग
प्रल्हाद जोशी फ़िलहाल उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री हैं और उनके पास नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय भी है. प्रल्हाद जोशी के पास अब तीन मंत्रालयों की ज़िम्मेदारी हो गई है. उन्होंने कहा कि मंत्रालय और उसके फ़ैसलों से जुड़ी सभी जानकारी समझने के लिए उन्होंने बैठकों में हिस्सा लिया है.
उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए काम का एक नया क्षेत्र है इसलिए मैंने ज़्यादा से ज़्यादा जानकारी हासिल करने की कोशिश की है और वरिष्ठ अधिकारियों से भी बातचीत की है. यह काफ़ी बड़ा मंत्रालय है. इसलिए मेरी पहली प्राथमिकता इसे पूरी तरह समझना होगी, उसके बाद मैं आगे के काम और नतीजों पर ध्यान दूँगा.” संसद की वेबसाइट के मुताबिक़, प्रल्हाद वेंकटेश जोशी कर्नाटक से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और धारवाड़ लोकसभा सीट से लगातार छह बार सांसद हैं.


