पटना : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में किशनगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौतम कुमार और सहरसा के DRDA निदेशक वैभव कुमार के 6-6 ठिकानों समेत कुल 12 ठिकानों पर छापेमारी की है. इसमें पटना, पूर्णिया, किशनगंज, सहरसा और मुजफ्फरपुर शामिल है.
इसे भी पढ़ें : ये नरेंद्र मोदी की सरकार है, जो हथियार उठाएगा, उसका हिसाब चुकता होगा : अमित शाह
शुरूआती जांच के दौरान किशनगंज एसडीपीओ के पास करीब 1.94 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है, जो ज्ञात आय से लगभग 60 प्रतिशत अधिक है, तो वहीं सहरसा के DRDA निदेशक वैभव कुमार के खिलाफ हुई जांच में उनके पास करीब 2.41 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने के प्रमाण मिले हैं, जो उनकी घोषित आय से लगभग 78 प्रतिशत ज्यादा है।
इस खुलासे के बाद एसडीपीओ के पटना, पूर्णिया और किशनगंज के कुल 6 ठिकानों पर व सहरसा के डीआरडीए निदेशक के सहरसा और मुजफ्फरपुर स्थित 6 ठिकानों पर अलग-अलग टीमों द्वारा एक साथ छापेमारी की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, निवेश से जुड़े कागजात और अन्य संपत्ति के प्रमाण मिलने की संभावना है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक रूप से बरामदगी का पूरा विवरण सामने नहीं आया है। फिलहाल, इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और आगे और बड़े खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।


