ठाणे (भिवंडी): देश में परीक्षाओं के पेपर लीक होने का ग्रहण थमता नजर नहीं आ रहा है। नीट ( NEET ) के विवाद के बाद अब महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा ( Maha TET 2026 ) पेपर लीक मामले में एक बहुत बड़ा खुलासा हुआ है। रविवार, 28 जून को होने वाली इस परीक्षा के प्रश्नपत्र को 1.5 करोड़ रुपये में बेचने का पूरा प्लान था। इस मामले में भिवंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है और हरियाणा व बिहार के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस पूरे खेल का मुख्य मास्टरमाइंड/आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा।
Highlights:
आरोपियों ने 1.5 करोड़ रुपये मांगा था एडवांस पेमेंट
भिवंडी पुलिस द्वारा बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे रैकेट के तौर-तरीकों का खुलासा किया गया। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी पवन बंसोड़ ने बताया कि पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग परीक्षा से ठीक पहले टीईटी का असली प्रश्नपत्र मोटी रकम में बेचने की फिराक में हैं।
जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर छापेमारी की और तीन आरोपियों को धर दबोचा। इनके पास से कल होने वाले टीईटी पेपर की चार अलग-अलग कॉपियां बरामद हुईं। पूछताछ में सामने आया कि इस सौदे के लिए आरोपियों ने 1.5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम मांग की थी और उम्मीदवारों से एडवांस पेमेंट की डील कर रहे थे।
ये भी पढ़ें: भरत तिवारी को लगी थीं 5 गोलियां, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, जाने कहां-कहां लगी गोली…
दिल्ली से आए थे आरोपी; हरियाणा और बिहार से कनेक्शन
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपी महाराष्ट्र के नहीं हैं, बल्कि वे दिल्ली से आए थे। अब पुलिस इस बात की कड़ाई से जांच कर रही है कि आखिर दिल्ली से चलकर इन आरोपियों के पास महाराष्ट्र का गोपनीय पेपर कहाँ से और कैसे पहुँचा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी धीरज बलराज सिंह (उम्र 28 वर्ष),बिहार के आकाश कुमार स्वराज कुमार (उम्र 30 वर्ष)और राजीव श्रीप्रयाग शॉ (उम्र 45 वर्ष) के तौर पर हुई है।
विशेष टीम कर रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर एक विशेष जांच टीम बनाई गई है। डीसीपी पवन बंसोड़ जांच टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। टीम में कुल 20 सदस्य हैं, जिनमें दो ACP, 9 अधिकारी ( PI और API ) और अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
फिलहाल वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच चल रही है और आगे की पूछताछ के लिए टीमों को अलग-अलग जगहों पर भेजा गया है। मामले की गहन जांच की जाएगी। भिवंडी पुलिस ने कहा है कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य आरोपी फरार
पुलिस ने बताया कि हमें जानकारी मिली है कि ये पेपर दूसरी जगहों पर भी बेचे गए थे। इसलिए मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही मामले की पूरी जानकारी सामने आएगी। सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच चल रही है। हम पता लगा रहे हैं कि इस मामले में कौन-कौन शामिल है और पेपर कहां बेचे गए थे। हालांकि, मुख्य आरोपी अभी तक फरार है। अभी हमारे पास तीन आरोपी हिरासत में हैं। एक हरियाणा से है और दो बिहार से हैं।
ये भी पढ़ें: 27 साल बाद मिला न्याय: झारखंड हाई कोर्ट ने डायन-बिसाही हत्या मामले में आरोपी को उम्रकैद से किया बरी
कब और कैसे होगी TET की दोबारा परीक्षा?
पेपर लीक के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की डिप्टी कमिश्नर प्रिया शिंदे ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति साफ की। उन्होंने उम्मीदवारों को राहत देते हुए कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होनें बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 28 जून की परीक्षा को टाल दिया गया है। हम जल्द ही दोबारा होने वाली परीक्षा का शेड्यूल बताएंगे।

शिंदे ने आगे कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है। जांच के अंतिम नतीजों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगे बताया कि इस तरह की परीक्षा आयोजित करने में तीन हफ़्ते की प्रक्रिया लगती है। महाराष्ट्र के 6,00,128 उम्मीदवारों को दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं है और उनसे कोई अतिरिक्त फीस भी नहीं ली जाएगी। TET परीक्षा की नई तारीख का ऐलान अगले दो-तीन दिनों में किया जाएगा।




