रांची : जदयू के राज्यसभा सांसद खीरू महतो तीसरी बार झारखंड जदयू के अध्यक्ष बने हैं। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ। निर्वाचन के क्रम में उनके अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया था। सांगठनिक चुनाव संपन्न कराने के लिए नियुक्त राज्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रवण कुमार ने शनिवार को बूटी मोड़ स्थित पार्टी कार्यालय में उन्हें निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद प्रमाण पत्र दिया।
Highlights:
प्रदेश अध्यक्ष के साथ एक दर्जन से अधिक जिला अध्यक्ष एवं प्रत्येक विधानसभा से राज्य परिषद के सदस्यों का भी निर्वाचन हुआ। प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद खीरू महतो को पार्टी कार्यकर्ताओं ने बधाई दी और उनका अभिनंदन किया। मौके पर खीरू महतो ने पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में सदस्यता अभियान पूरा नहीं किया गया है, वहां जिला अध्यक्षों का निर्वाचन आनेवाले समय में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संसद के बजट सत्र की समाप्ति के बाद संगठन का विस्तार किया जाएगा।
इस बार काम करने वालों को कमेटी में जगह दी जाएगी और प्रदेश कमेटी छोटी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं। उनके निर्णय का सम्मान करें। साथ ही झारखंड में पार्टी को मजबूत करने के लिए दिन रात कार्य करें। इस मौके पर जदयू नेता डॉ. आफताब जमील, भगवान सिंह, सागर कुमार आदि ने खीरू महतो को फिर से प्रदेश अध्यक्ष बनने पर उन्हें बधाई दी।
इन जिला अध्यक्षों का हुआ निर्वाचन
रांची – तेतरा महतो, धनबाद – पिंटू सिंह, गोड्डा – चंद्रधर सिंह चुन्नू, पाकुड़ – गौतम मंडल, हज़ारीबाग़ – प्रभुदयाल महतो, रामगढ़ – ज्योतिंद्र साहू, बोकारो – प्रदीप महतो, चतरा – रामाशीष डांगी, पलामू – मनोज दुबे, जमशेदपुर – सुबोध श्रीवास्तव, साहेबगंज – सुनील सिन्हा, दुमका – उदय सिंह, सिमडेगा – सुनील नायक, कोडरमा – कृष्णा सिंह घटवार, जमशेदपुर महानगर – अजय कुमार और रांची महानगर – अखिलेश राय


