बिहार विधानसभा चुनाव : बिहार विधानसभा चुनाव में पहली बार किस्मत आजमा रही चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को बड़ा झटका पहले चरण के नामांकन के अंतिम दिन लगा, जब शुक्रवार को दानापुर विधानसभा के लिए जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अखिलेश कुमार उर्फ मुटुर नामांकन के लिए नहीं पहुंचे और वह नामांकन से वंचित रह गये. अब इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है.
कहा जा रहा है कि शुक्रवार को अखिलेश कुमार उर्फ मुटुर को जन सुराज पार्टी से नामांकन करना था और इसके लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तकियापर स्थित एक उत्सव हाल में एकत्रित भी हुए थे. फूलों से सजाकर दो गाड़ियां भी तैयार खड़ी थीं. पार्टी कार्यकर्ता पार्टी की टोपी, पट्टा और झंडा लेकर मौजूद थे. लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी अखिलेश कुमार नहीं आए. कार्यकर्ता उन्हें फोन करने की कोशिश करते रहे, लेकिन पता चला कि वह मंदिर गए हैं. कुछ समय बाद उनका फोन भी बंद हो गया. दोपहर होते-होते अखिलेश के अचानक गायब होने की चर्चा शुरू हो गई.
नामांकन का समय खत्म होने के बाद भी जब वह नहीं पहुंचे, तो धीरे-धीरे यह बात जन सुराज पार्टी तक पहुंच गई. पार्टी द्वारा मोबाइल पर संदेश प्रसारित किया गया कि दानापुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी अखिलेश कुमार के अचानक गायब होने के पीछे अगवा किए जाने की आशंका जताई जा रही है. निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जन सुराज पार्टी से कोई नामांकन नहीं हुआ। वहीं, पुलिस ने ऐसी किसी शिकायत से इंकार किया.


