Wednesday, April 29, 2026

जमशेदपुर में लोको पायलट की हत्या मामले का खुलासा, 72 लाख की जमीन के चलते हुआ था खूनी विवाद

जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के पायलट लॉबी गेट के बाहर लोको पायलट ज्ञानेंद्र कुमार गौतम की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि 72 लाख रुपये की जमीन का विवाद इस हत्याकांड की मुख्य वजह हो सकता है। पुलिस का मानना है कि जमीन खरीद-बिक्री और पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद ने इस घटना को जन्म दिया।

हरहरगुट्टू की जमीन को लेकर विवाद

पुलिस के अनुसार हरहरगुट्टू शिवनगर इलाके में स्थित एक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि यह जमीन पेट्रोल पंप के पीछे स्थित है। इसी जमीन के सौदे में लाखों रुपये का निवेश किया गया था और बाद में पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हो गया। मृतक की पत्नी रीना रानी के बयान के बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया। उन्होंने बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-5 निवासी राज किशोर और मधु सोनकर पर संदेह जताया है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

कई लोगों से पुलिस कर रही पूछताछ

पुलिस ने बागबेड़ा और आसपास के कई लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें बाबूलाल यादव, गोलू यादव, रवि यादव, रेलवे पार्किंग कर्मचारी अमबेश तिवारी उर्फ छोटू, मधु सोनकर और रंजीत साहू के परिवार से जुड़े मुन्ना शामिल हैं। इसके अलावा अपराधी नीरज दुबे के माता-पिता विजय कुमार दुबे और मीरा देवी से भी पूछताछ की गई। हालांकि बाद में उन्हें पीआर बांड पर छोड़ दिया गया। पुलिस को शक है कि इस हत्या में पेशेवर अपराधियों का भी इस्तेमाल किया गया हो सकता है। पुलिस एक अन्य जमीन कारोबारी अरुण कुशवाहा की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि वह इस मामले की अहम कड़ी हो सकता है।

Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद

जांच में सामने आया है कि राज किशोर ने ज्ञानेंद्र कुमार गौतम को जमीन खरीदने के लिए तैयार किया था और उनकी मुलाकात मधु सोनकर से कराई थी। इसके बाद गौतम ने 72 लाख रुपये लगाकर जमीन खरीदी। आरोप है कि इस सौदे में राज किशोर ने 30 लाख रुपये अपने पास रख लिए थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बाद में गौतम ने राज किशोर से दूरी बनाकर मधु सोनकर के साथ मिलकर जमीन की प्लॉटिंग और बिक्री शुरू कर दी थी।

घटना वाली रात क्या हुआ

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 12:30 बजे ज्ञानेंद्र कुमार गौतम कांड्रा से मालगाड़ी लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। ड्यूटी खत्म करने के बाद वह पैदल बैग लेकर पायलट लॉबी कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उनकी कनपटी में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद वह करीब 10 मिनट तक मौके पर तड़पते रहे। आसपास मौजूद लोगों और रेलवे कर्मचारियों ने उन्हें टेंपो से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल और जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी एस कुट्टी भी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद पायलट लॉबी गेट के बाहर तीन नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ललित मीणा ने कहा कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज किशोर की तलाश जारी है।

Air Now के यूट्यूब चैनल को देखने के लिए यहां क्लिक करें:-

एयर नाउ स्पेशल

एयर नाउ की खबर का असर, कार्यपालक अभियंता रघुनंदन...

रांची : पिछले दिनों लोहरदगा कोर्ट की ओर से धोखाधड़ी मामले में जेल की सजा होने के बाद और इस संबंध में एयर नाउ...
- Advertisement -spot_img
App Logo

Download Our App

Download Now ➥

ट्रेंडिंग खबर