दिल्ली: दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में एक वरिष्ठ IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या से सनसनी फैल गई है। शुरुआती जांच में युवती के साथ रेप के बाद उसकी हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 6 बजे की है। उस समय वरिष्ठ IRS अधिकारी और उनकी पत्नी रोज की तरह जिम गए हुए थे। उनकी बेटी घर में अकेली थी। जब दोनों वापस लौटे तो उन्होंने बेटी को कमरे में मृत अवस्था में पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
Highlights:
UPSC की तैयारी कर रही थी पीड़िता
मृतक युवती UPSC परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में मोबाइल फोन के चार्जिंग केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक इस मामले में 19 वर्षीय राहुल मीणा मुख्य संदिग्ध है। वह करीब आठ महीने तक परिवार के घर में नौकर के रूप में काम कर चुका था। लगभग एक महीने पहले उसे खर्चों में गड़बड़ी के आरोप में नौकरी से निकाल दिया गया था।
*Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
घर और दिनचर्या की थी पूरी जानकारी
जांच में सामने आया है कि राहुल मीणा को घर की बनावट और परिवार की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। उसे पता था कि परिवार के सदस्य किस समय जिम या वॉक के लिए बाहर जाते हैं। पुलिस का मानना है कि इसी जानकारी का फायदा उठाकर आरोपी घर में घुसा। जानकारी के अनुसार आरोपी ने युवती पर डंडे से हमला किया, जिससे उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उसने चार्जिंग केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई हैं। मामले में एक कार क्लीनर और घर में काम करने वाले दूसरे नौकर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इसी बीच दिल्ली में दो दिन पहले प्रीत विहार इलाके में कार पार्किंग विवाद को लेकर कपड़ा व्यापारी पंकज नैयर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव शर्मा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद गोलीबारी हुई थी। दिल्ली में लगातार सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।


