पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार से शुरू हो गई है। यह परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी। इस वर्ष इंटर परीक्षा में कुल 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त बनाने के लिए समिति ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
Highlights:
500 परीक्षार्थियों पर एक वीडियोग्राफर की तैनाती
परीक्षा केंद्रों पर दो स्तरों पर परीक्षार्थियों की तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। सभी केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगे और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। प्रत्येक 500 परीक्षार्थियों पर एक वीडियोग्राफर की तैनाती की गई है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो कॉपी की दुकानें और साइबर कैफे बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। पटना जिले में 84 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 73,963 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में अनाधिकृत लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और सुबह से ही पुलिस व यातायात कर्मी तैनात रहेंगे।
152 मॉडल परीक्षा केंद्र बनाए गए
इस बार राज्यभर में 152 मॉडल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक जिले में चार केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर केवल छात्राएं परीक्षा देंगी। यहां दंडाधिकारी, वीक्षक और सुरक्षाकर्मी सभी महिलाएं होंगी। छात्राओं का स्वागत फूलों और गुब्बारों से किया जाएगा तथा प्रवेश द्वार से भीतर तक कारपेट बिछी रहेगी। साथ ही हेल्पडेस्क की भी व्यवस्था की गई है। पटना के चार मॉडल केंद्र बांकीपुर, शास्त्रीनगर, यारपुर और गर्दनीबाग में स्थित हैं।
परीक्षा दो पालियों में
परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक चलेगी। पहली पाली के लिए 8:30 बजे से प्रवेश शुरू होगा और 9:00 बजे गेट बंद हो जाएगा, जबकि दूसरी पाली में 1:00 बजे से प्रवेश और 1:30 बजे गेट बंद होगा। परीक्षा से 15 मिनट पहले प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए ‘कूल ऑफ टाइम’ दिया जाएगा।
पहले दिन पहली पाली में जीव विज्ञान और दर्शनशास्त्र तथा दूसरी पाली में अर्थशास्त्र की परीक्षा होगी। परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि सभी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। देर से पहुंचकर जबरन या अवैध रूप से प्रवेश करने पर परीक्षार्थी को दो वर्ष के लिए निष्कासित किया जाएगा और प्राथमिकी भी दर्ज होगी। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र, दो-तीन बॉल पेन साथ रखने की सलाह दी गई है। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, बैग, पर्स और पानी की बोतल ले जाना प्रतिबंधित है। परीक्षा से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए 24 घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है।


