चंडीगढ़ : पंजाब के तरनतारन जिले के गांव उसमा स्थित एक कॉलेज में वैलेंटाइन वीक के बीच कॉलेज में दाखिल होकर एक युवक ने अपनी सहपाठी छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी. इस दौरान आरोपी युवक ने छात्रा की मौत के बाद खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली. मृतक छात्रा की पहचान संदीप कौर, निवासी गांव नौशहरा पनुआ के रूप में हुई है. वहीं, आत्महत्या करने वाले युवक की पहचान प्रिंसराज सिंह, निवासी गांव मलिया के रूप में हुई है.
शुरूआती जांच में पुलिस के सामने यह खुलासा हुआ है कि मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह कॉलेज में कक्षाएं शुरू होने पर छात्रा अपनी कक्षा में पहुंच थी. तभी युवक आया और उसके सिर पर गोली मार दी. छात्रा की सिर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई. इसके तुरंत बाद युवक ने उसी हथियार के साथ खुद पर गोली चला दी. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
प्रिंसराज सिंह ने जिस युवती को गोली मारी, वे लॉ की पढ़ाई कर रही थी. इतना ही नहीं, प्रिंसराज खुद भी लॉ का ही स्टूडेंट है. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. कॉलेज परिसर को खाली करवा लिया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है.


