कोडरमा: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत हजारीबाग प्रमंडलीय भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने कोडरमा जिले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने चंदवारा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
Highlights:
शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, चंदवारा निवासी प्रेम चंद्र नायक ने इस मामले की शिकायत एसीबी से की थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि चंदवारा थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम एक मामले में मदद करने के बदले उन्से एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
यह भी पढ़ें: लातेहार कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी, संदिग्ध वस्तु की तलाश में पुलिस हुई अलर्ट
शिकायतकर्ता के अनुसार, काफी बातचीत के बाद रिश्वत की रकम तय हुई और पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये देने की बात बनी। हालांकि प्रेम चंद्र नायक भ्रष्टाचार के आगे झुकना नहीं चाहते थे, इसलिए उन्होंने इसकी लिखित शिकायत एसीबी से कर दी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी की टीम ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जब प्रेम चंद्र नायक ने चंदवारा थाना परिसर में सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम को रिश्वत की राशि दी, तभी पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: सिलेंडर संकट पर लोकसभा में हंगामा, राज्यसभा में फारूक अब्दुल्ला हमले का मुद्दा उठा
रिश्वत की रकम बरामद
कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने आरोपी दरोगा के पास से रिश्वत के पूरे 15 हजार रुपये बरामद कर लिए। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हजारीबाग ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


