हजारीबाग : जिले के बड़कागांव प्रखंड में गोंदुलपारा खनन परियोजना के लिए आज पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की ओर से जनसुनवाई का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने परियोजना के समर्थकों की पिटाई कर दी और कार्यक्रम स्थल पर जमकर तोड़फोड़ मचाया. जनसुनवाई का विरोध करने वाले ग्रामीण पारंपरिक हथियारों से लैस थे और मौके पर मौजूद पुलिस के सामने ही उन्होंने जमकर उत्पात मचाया।
जनसुनवाई का विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करके जनसुनवाई करके उनकी आवाज दबाई जा रही है और स्थानीय लोगों के विस्थापन तथा पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव की अनदेखी की जा रही है. यह जनसुनवाई संवैधानिक नहीं है. भारी पुलिस मौजूदगी में यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक नहीं रहती, बल्कि जनता की आवाज दबाने का माध्यम बन जाती है. वे इस जनसुनवाई को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेंगे और परियोजना का विरोध मरते दम तक जारी रखेंगे.
उनका कहना है कि गोंदलपुरा कोल ब्लॉक परियोजना से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का विस्थापन, जल-जंगल-जमीन पर खतरा और पर्यावरण को गंभीर नुकसान होगा. ग्रामीणों और विस्थापन विरोधी संगठनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनसुनवाई को तुरंत रद्द किया जाए और ग्रामीणों की सहमति, सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों का सम्मान करते हुए ही किसी भी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए. हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.


