न्यूज डेस्क : रूस के उफ़ा शहर में हुए एक हमले में चार भारतीय छात्र घायल हुए हैं. ये जानकारी रूस में भारत के दूतावास ने दी है. भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया, “उफ़ा में हमले की एक दुःखद घटना हुई है. चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हुए हैं.” भारतीय दूतावास ने बताया कि अधिकारी घायल छात्रों की मदद के लिए उफ़ा जा रहे हैं.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ रूस के उफ़ा शहर की एक यूनिवर्सिटी में चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें कम से कम छह लोग घायल हुए हैं. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, बाश्ख़ोर्तोस्तान गणराज्य के उफ़ा में स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के एक हॉस्टल में चाकू लिए एक किशोर घुस गया. उसने वहां रहने वाले छात्रों पर हमला किया. इस हमले में 4 भारतीय छात्रों समेत कुल 6 छात्र घायल बताए जा रहे हैं.साथ ही दो पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं.
एक स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में इस बात का दावा किया गया है कि इस नाबालिग हमलावर ने नारेबाजी भी की थी। बाजा चैनल ने बताया कि हमलावर एक हिंसक नियो-नाजी संगठन नेशनल सोशलिज्म / व्हाइट पावर (NS/WP) क्रू (या स्पैरो क्रू) से संबंधित था। इसे रूस की सुप्रीम कोर्ट ने 2021 में एक आतंकवादी संगठन घोषित किया था। इसका संबंध पत्रकारों पर हुए बड़े हमलों से रहा है, जिसमें अन्ना पॉलिटकोवस्काया पर हुआ हमला भी शामिल है.


