पाकुड़: जिले के महेशपुर थाना पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार गौवंशीय पशुओं को मुक्त कराया है। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पीर पहाड़ मोड़ के पास एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप वाहन को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन से चार सांढ़ बरामद किए गए, जिन्हें बेहद अमानवीय तरीके से बांधकर ले जाया जा रहा था।
इसे भी पढ़ें : साहिबगंज में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप, इंजेक्शन के बाद महिला की मौत
पुलिस ने मौके से वाहन चालक मोहम्मद शाहजहां को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इन पशुओं को तस्करी कर पश्चिम बंगाल ले जा रहा था। पुलिस ने पशुओं को सुरक्षित मुक्त कर स्थानीय गोशाला भेज दिया है। वहीं, इस मामले में पशु क्रूरता अधिनियम एवं संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। महेशपुर थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है


