ओडिशा : साउथ सुपरस्टार प्रभास की नई फिल्म राजा साब की स्क्रीनिंग के दौरान ओडिशा में अफरा-तफरी मच गई। फैंस की लापरवाही के कारण थिएटर में आग लग गई, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। यह घटना ओडिशा के रायगढ़ा स्थित अशोक टॉकीज हॉल की है। फिल्म की शुरुआत में प्रभास पर फिल्माया गया गाना चल रहा था। इसी दौरान फैंस जोश में आ गए और कुछ लोग आरती की थाली लेकर स्क्रीन की आरती उतारने लगे।
भीड़ के बीच अचानक आरती की थाली हाथ से गिर गई, जिससे फर्श पर आग लग गई और आग तेजी से फैलने लगी। थिएटर में मौजूद दर्शकों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गमछे और कपड़ों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। थोड़ी ही देर में थिएटर का स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया और स्थिति को संभाल लिया गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग आग बुझाते नजर आ रहे हैं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। प्रशासन और थिएटर प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि फिल्मों के दौरान इस तरह की गतिविधियों से बचें, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।


