चतरा : झारखंड जिले के चतरा के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के घंघरी गांव के समीप चतरा-डोभी मुख्य मार्ग एनएच-22 के किनारे मंगलवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान घंघरी निवासी महाबीर यादव के पुत्र मुकेश यादव के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : अभिजीत दीपके का आज फिर संसद मार्च करने का ऐलान, कहा – जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे, ह्यूमन राइट्स वॉच ने ये कहा
एनएच-22 को जाम कर प्रदर्शन
घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने एनएच-22 को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके चलते चतरा से बिहार के गया और अन्य मार्गों पर आने-जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना मिलते ही वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


