रांची : मशहूर गायिका व स्वर कोकिला लता मंगेशकर की छोटी बहन आशा भोसले का मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में रविवार को निधन हो गया. इससे पहले शनिवार को कार्डियक अरेस्ट के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. आशा भोसले फेफड़ों की बीमारी और उम्र संबंधी अन्य बीमारियों से जूझ रही थीं. 8 सितंबर 1933 को जन्मीं आशा भोसले ने 1943 में 10 साल की उम्र में गाना शुरू कर किया और वह 90 साल की उम्र तक गाती रहीं.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : बिहार में नए मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया तेज, शिवराज सिंह चौहान बनाए गए केंद्रीय पर्यवेक्षक
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक
सीएम हेमंत सोरेन ने आशा भोसले के निधन पर दुःख जताया है. अपने एक्स पर पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मशहूर गायिका आदरणीय श्रीमती आशा भोंसले जी के निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक और स्तब्ध कर देने वाला है। उनकी मधुर और जीवंत आवाज़ ने पीढ़ियों को जोड़ने का कार्य किया और भारतीय संगीत को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। मरांग बुरु से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर, शोक संतप्त परिजनों, प्रशंसकों और समस्त देशवासियों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
उन्होंने आगे लिखा, “आशा जी केवल एक गायिका नहीं थीं, वे संगीत की एक युगधारा थीं, जिनकी हर प्रस्तुति में जीवन के रंग, भावनाओं की गहराई और आत्मा की सच्चाई झलकती थी। उनका जाना केवल कला जगत की नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। आज पूरा देश उनके जाने से शोकाकुल है। उनके गीत, उनकी आवाज़ और उनकी विरासत सदैव हमारे दिलों में जीवित रहेगी और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।”
पीएम मोदी व फिल्मी जगत ने ये कहा
उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर फ़िल्मी जगत ने दुख ज़ाहिर किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर मराठी और अंग्रेज़ी में आशा भोसले के निधन पर दुख ज़ाहिर किया है. उन्होंने लिखा, “आशा भोसले जी के निधन से बेहद दुख हुआ. वह भारत की मशहूर और प्रतिभाशाली आवाज़ों में से एक थीं. दशकों तक चले उनके ज़बरदस्त म्यूज़िकल सफ़र ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को बेहतर बनाया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ.”
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि पूरे भारत और विश्व के संगीत प्रेमियों के लिए यह दुख का समय है, उन्हें सबसे बहुमुखी कलाकार के रूप में जाना गया. “भारत के इतिहास में उन्होंने और मंगेशकर परिवार ने संगीत की सेवा की है. बाल्य अवस्था से संगीत की सेवा करते-करते 92 साल की उम्र तक लगातार उन्होंने सेवा की. वो अपने 90वें जन्मदिन पर तीन घंटे कॉन्सर्ट करने वालीं एकमात्र गायिका हैं.”
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से कहा कि संगीत की दुनिया में उनका बड़ा नाम था और उनके निधन के बाद संगीत की दुनिया में बड़ी क्षति हुई है, उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, “जिस तरह से लता दीदी ने अपने गायन कला से हमारे देश का नाम बड़ा किया उसी तरह से आशा ताई ने भी बड़ा किया है. उन्होंंने अनेक भाषाओं में अनेक गीत गाए और सब तरह के गीतों में उनकी मास्टरी थी.”


