उत्तर प्रदेश में मोबाइल पर बात करते समय संतुलन बिगड़ने के कारण पलटी नाव, 6 डूबे, 3 शव बरामद

न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुतुपुर गांव में यमुना नदी में हुए नाव हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। नाव पलटने से डूबे 6 लोगों में गुरुवार सुबह तक 3 शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 3 बच्चों की तलाश अब भी जारी है। NDRF, SDRF और फ्लड पीएसी की टीमें लगातर तेज बहाव और बारिश के बीच रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। मृतकों में 25 वर्षीय ब्रजरानी, 9 वर्षीय आकांक्षा और 9 वर्षीय रानी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कब और कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, कुरारा थाना क्षेत्र के भौली गांव के मजरा कुतुपुर पटिया निवासी श्रीपाल की बेटी की मंगलवार को शादी हुई थी। बुधवार को विदाई के बाद परिवार और रिश्तेदार बच्चों के साथ नाव से यमुना नदी पार खरबूजा खाने गए थे। शाम करीब साढ़े आठ बजे सभी लोग नाव से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नाव चला रहा विष्णु मोबाइल फोन पर बात करने लगा।

बताया जा रहा है कि वह नाव में खड़े होकर बात कर रहा था, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव नदी के बीच गहरे पानी में पलट गई। नाव पलटते ही उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में नाविक विष्णु किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया। वहीं नदी किनारे मौजूद गांव निवासी धीरू ने बहादुरी दिखाते हुए नदी में छलांग लगाई और 14 वर्षीय पारूल तथा रिंकू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद नाविक विष्णु, पारूल और रिंकू को 108 एंबुलेंस की मदद से कुरारा सीएचसी में भर्ती कराया गया।

Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-

रातभर चला रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना मिलते ही डीएम अभिषेक गोयल, एसपी मृगांक शेखर पाठक, एसडीएम अभिषेक कुमार और सीओ राजेश कमल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात कानपुर से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीमों को बुलाया गया। रात करीब 12 बजे टीमों ने नदी में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। तेज बहाव, बारिश और अंधेरे के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं। नदी के करीब 10 किलोमीटर के दायरे में जाल बिछाकर तलाश की गई। गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सबसे पहले 25 वर्षीय ब्रजरानी का शव बरामद हुआ। इसके बाद सुबह करीब आठ बजे 9 वर्षीय आकांक्षा और करीब 10 बजे 9 वर्षीय रानी का शव नदी से निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं बाकी लापता बच्चों की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें: बिहार में सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल के नए मंत्रियों का हुआ शपथ ग्रहण, पीएम मोदी मंच पर रहे मौजूद

सीएम योगी ने जताया दुख

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। रातभर ग्रामीण और परिजन नदी किनारे खड़े होकर अपने लोगों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए रहे। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत आसपास के गांवों के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से रात में इमरजेंसी लाइट की व्यवस्था भी की गई थी, ताकि राहत कार्य में कोई परेशानी न हो। नाव हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन को तेजी से राहत और बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। वहीं राज्य पिछड़ा आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति और राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने भी घटना पर शोक जताया है। सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति देर रात से ही घटनास्थल पर मौजूद रहे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी करते रहे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Air Now के यूट्यूब चैनल को देखने के लिए यहां क्लिक करें:-

एयर नाउ स्पेशल

सोमवार को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के आएंगे...

नई दिल्ली: देश के पांच राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं। अब...
- Advertisement -spot_img
App Logo

Download Our App

Download Now ➥

ट्रेंडिंग खबर