रांची : 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर उठे विवाद के बीच आज बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता जेपीएससी कार्यालय का घेराव करेंगे. इस संबंध में तय कार्यक्रम के अनुसार जयपाल सिंह स्टेडियम से हजारों कार्यकर्ता जेपीएससी कार्यालय पहुंचकर आयोग का घेराव करेंगे।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : JPSC छापेमारी मामले में CID का बढ़ा शिकंजा, हिरासत में ली गई श्वेता गुप्ता से देर रात तक हुई पूछताछ
भाजयुमो का आरोप
भाजयुमो का आरोप है कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं,युवाओं की मेहनत और भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। संगठन ने परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की है। इससे पहले भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मंगलवार शाम को मशाल जुलूस निकाला, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व अन्य लोग शामिल हुए थे. मशाल जुलूस में भाजपा नेताओं ने भी भागीदारी की थी.
सुरक्षा के व्यापक प्रबंध
दूसरी ओर घेराव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जेपीएससी कार्यालय और आसपास के इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। प्रदर्शन के मद्देनजर जेपीएससी कार्यालय और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कई डीएसपी, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में जवानों को अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया है. इसके अलावा कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके.


