नई दिल्ली : बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने नोएडा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अखिलेश यादव के बयान के बाद प्रतिक्रिया दी है. मायावती ने दावा किया, “काफ़ी लंबे इंतज़ार के बाद जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का कल (शनिवार) उद्घाटन हुआ, जबकि इसकी रूपरेखा ही नहीं बल्कि इसके सभी ज़रूरी बुनियादी कार्य बीएसपी की मेरी सरकार में ही शुरू हो गए थे.”
Highlights:
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, “उस समय केंद्र में रही कांग्रेस पार्टी की सरकार अगर रोड़ा नहीं अटकाती तो विकास का यह कार्य, यमुना एक्सप्रेसवे की तरह काफ़ी पहले मेरी सरकार में ही पूरा हो गया होता.” उत्तर प्रदेश में मायावती की सरकार साल 2007 से 2012 तक रही. उस वक़्त केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार थी.
इसे भी पढ़ें : केरल में पीएम मोदी ने चुनावी अभियान की शुरुआत की, त्रिशूर में रोड शो से शक्ति प्रदर्शन
समाजवादी पार्टी पर निशाना
मायावती ने अपने बयान में समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार का ज़्यादातर समय ‘बीएसपी सरकार के समय समाज के कमज़ोर तबक़ों के हित, कल्याण और उनके उत्थान के लिए हुए ऐतिहासिक फ़ैसलों और महत्वपूर्ण कार्यों को निष्क्रिय करने’ में गया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने ‘बहुजन समाज में जन्में महान संतों, गुरुओं और महापुरुषों के आदर-सम्मान में बने शिक्षण और मेडिकल संस्थानों और ज़िलों के नाम बदलने’ का काम किया.
पीएम मोदी और अखिलेश यादव ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन समारोह के दौरान कहा, “पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था. लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा, यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है.”
उन्होंने कहा, “जिस नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था. कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे. मुझे याद है यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वो उस कार्यक्रम में नहीं आए.”
पीएम मोदी के इन बयानों पर अखिलेश यादव ने कहा, “समाजवादी पार्टी ने सबसे अधिक विकास नोएडा में किया. कोई अंधविश्वास नहीं. यहां तो मुख्यमंत्री कार्यालय भी बना था, किसी मुख्यमंत्री ने कार्यालय नहीं बनाया, घर नहीं बनाया. समाजवादियों ने घर और कार्यालय बनाया. उसमें भी घास और झाड़ लगाकर इस सरकार ने बर्बाद कर दिया.”


