न्यूज डेस्क : बॉलीवुड एक्ट्रेस ज़रीन ख़ान का 81 साल की उम्र में शुक्रवार को मुंबई में निधन हो गया. ज़रीन ख़ान जाने-माने अभिनेता संजय खान की पत्नी थीं. शुक्रवार सुबह मुंबई जुहू स्थित घर में हार्ट अटैक की वजह से ज़रीन ख़ान की मौत हुई. शादी से पहले एक हिंदू होने के नाते ज़रीन ख़ान का हिंदू रीति-रिवाज़ से अंतिम संस्कार किया गया. मुंबई के विले पार्ले स्थित हिंदू श्मशान भूमि में ज़रीन ख़ान के अंतिम संस्कार में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे शामिल हुए.

संजय खान के साथ शादी से पहले उनका नाम ज़रीन वर्तक था और उन्होंने देव आनंद की फ़िल्म तेरे घर के सामने में देव आनंद की सेक्रेटरी का किरदार निभाया था. ज़रीन ख़ान ने एक फूल दो माली फ़िल्म में भी एक किरदार निभाया था. उन्होंने अपने शुरुआती दौर में मॉडलिंग भी की थी. इसके बाद वह अभिनय की दुनिया में आईं. ज़रीन वर्तक और संजय ख़ान की शादी साल 1966 में हुई थी. वे अभिनेता ज़ाएद ख़ान, सुज़ेन ख़ान (ऋतिक रोशन की पूर्व पत्नी) और डिज़ाइनर फ़राह अली ख़ान की मां भी थीं.


