पलामू : जिले में JTET परीक्षा की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक पुलिस जवान की लापरवाही का मामला सामने आया है. मेदिनीनगर के रेडमा स्थित एक रिश्तेदार के घर ठहरे जवान संजीव तिवारी की सरकारी SLR राइफल अचानक गायब हो गई. हथियार गायब होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
इसे भी पढ़ें: पलामू में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में तीन गिरफ्तार, दो टोटो और तीन मोबाइल जब्त
जानकारी के अनुसार जवान की ड्यूटी JTET परीक्षा में लगाई गई थी. वह रेडमा स्थित अपने रिश्तेदार के घर सो रहा था. नींद खुलने पर उसे अपनी SLR नहीं मिली. इसके बाद उसने टाउन थाना को सूचना दी. शुरुआत में जवान ने हथियार गाड़ी से चोरी होने की बात बताई. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और तलाशी शुरू की.
कई घंटों की छानबीन के बाद सरकारी हथियार उसी घर में सोफे के नीचे से बरामद हुआ. मामले को गंभीरता से लेते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. जवान को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. साथ ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी है. जवान का मेडिकल टेस्ट भी कराया जा रहा है.

