न्यूज डेस्क: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि कल यानी शुक्रवार को वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर मुंबई में प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने कहा कि इसके बाद सीजेपी दिल्ली के जंतर-मंतर के साथ पूरे देश में जाएगी. सौरव दास ने बताया कि उनका मक़सद एसआईआर को लेकर पूरे देश में जागरूकता फैलाना है.
इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र के रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर हुए हादसे में 8 छात्रों की डूबने से हुई मौत
एक पत्रकार ने सौरव दास से पूछा कि चुनाव आयोग के दफ़्तर तक इंडिया ब्लॉक का भी मार्च होने वाला है. क्या सीजेपी इसमें शामिल होगी? इस पर उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया, लेकिन कहा कि इस मुद्दे पर सबको मिलकर प्रयास करना चाहिए. उन्होंने कहा, “दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि पिछले 12-13 वर्षों में देश में एक ऐसा तबका सामने आया है, जिसे लगता है कि पूरे देश का ठेका सिर्फ़ उनके पास है. देश और लोकतंत्र ऐसे नहीं चल सकता.” उन्होंने कहा कि इस देश पर सभी देशवासियों का अधिकार है और अगर इसे बदलना है, तो सबको मिलकर प्रयास करना होगा.
सौरव दास ने प्रदर्शन की अनुमति के मुद्दे पर कहा कि यह बेतुकी बात है. कल 2 अक्तूबर यानी गांधी जयंती है. उन्होंने कहा, “ज़रा सोचिए, अगर महात्मा गांधी अंग्रेज़ों के पास जाकर कहते कि उन्हें दांडी मार्च के लिए दो घंटे की अनुमति चाहिए, तो क्या होता?” उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि प्रदर्शन हो. इसलिए परमिशन जैसी बेतुकी अवधारणा लोगों के दिमाग़ में डाली गई है. कल यानी 2 अक्तूबर से सीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन शुरू करने वाली है.
चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर इंडियन एक्सप्रेस की एक खोजी रिपोर्ट सामने आने के बाद विपक्षी दलों और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग की थी. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले दस महीनों में आयोग द्वारा लिए गए फ़ैसलों पर 14 बार आपत्ति दर्ज कराई थी.


