धनबाद : सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम सिटी अपार्टमेंट की छत पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अपार्टमेंट लगाए गए टावर के जनरेटर हाउस में अचानक आग लग गई। जिसके बाद धुआं और आग की लपटें देख अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया।
इसे भी पढ़ें: धनबाद में डीएसपी (विधि व्यवस्था) की अपराध नियंत्रण और दुर्गा पूजा को लेकर थाना प्रभारियों के साथ बैठक, दिए कई निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही अपार्टमेंट के लोग सक्रिय हो गए। लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया और तत्काल फायर विभाग को भी सूचना दी गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची लेकिन उससे पहले ही अपार्टमेंट के लोगों ने आग पर काबू पा लिया था।
अपार्टमेंट के लोगों के अनुसार आग जनरेटर हाउस में लगी थी। सिक्योरिटी गार्ड और अन्य लोगों ने समय रहते आग पर काबू पाने का प्रयास किया जिससे आग फैलने से पहले ही बुझा दी गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लोग शॉर्ट सर्किट से आग लगाने की बात कह रहे हैं। वहीं घटना में कितना नुकसान हुआ है इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है। आग की घटना के बाद कुछ देर तक अपार्टमेंट परिसर में दहशत का माहौल बना रहा।


