न्यूज डेस्क: जम्मू-कश्मीर के बडगाम में मंगलवार की रात सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है। मारे गए आतंकी की पहचान पाकिस्तानी लश्कर कमांडर सुलेमान शाह उर्फ मूसा के तौर पर हुई है। मूसा का करीबी साथी यासिर भी गत पांच सितम्बर को हुई एक मुठभेड़ में मारा गया था। अधिकारियों के मुताबिक, मूसा जम्मू-कश्मीर में कई हमलों में शामिल था और सुरक्षाबलों को उसकी तलाश थी। मूसा बडगाम के दूधपथरी के जंगलों में हुई मुठभेड़ में मारा गया।
इसे भी पढ़ें : दिल्ली हाईकोर्ट में पीएम मोदी की शैक्षिक डिग्री से जुड़ी अपीलों की सुनवाई टली, गुजरात में खारिज़
बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों को कोराग इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली थी। उसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान आतंकियों की ओर से अचानक गोलीबारी के बाद सुरक्षा बलों की जवाबी काररवाई में एक आतंकी मारा गया। यह इलाका मध्य कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आता है।
वहीं, सूत्रों का यह भी कहना है कि इस इलाके में एक और शीर्ष गैर-स्थानीय लश्कर कमांडर के छिपे होने की आशंका है। मुठभेड़ के बाद से ही सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर रखा है। आसपास के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है ताकि यह पक्का किया जा सके कि वहां कोई और आतंकी छिपा न हो।


