रांची: झारखंड की राजधानी रांची में कांके रोड स्थित सीएम आवास से महज कुछ ही दूर पर शुक्रवार दोपहर उस समय एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया. तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांके रोड पर तेज गति से आ रहा ट्रैक्टर अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया. इसके बाद ट्रैक्टर ने सड़क पर चल रहे और किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि दो से तीन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर निवासी आतंकी सैयद अर्शियान उर्फ हैदर के खिलाफ इंटरपोल ने जारी किया रेड कॉर्नर नोटिस,
इस घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोगों की चीख-पुकार के बीच बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. हादसे के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और ट्रैक्टर को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया.


