हजारीबाग : झारखंड के रास्ते बिहार में अवैध शराब की बड़ी खेप खपाने की साजिश को हजारीबाग पुलिस ने नाकाम कर दिया। बिहार पुलिस की सूचना के आधार पर बरही थाना क्षेत्र के रसोईधामना के पास पुलिस ने ऐसा जाल बिछाया कि शराब तस्करों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
Highlights:
मंगलवार को हुई संयुक्त कार्रवाई में शराब से लदा एक ट्रक और उसकी रेकी कर रही बिना नंबर की छोटी गाड़ी को रोक लिया गया। तलाशी में ट्रक से मैकडॉवेल्स नंबर-1 ब्रांड की 1,190 पेटियों में 22 हजार से अधिक बोतल अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें : लोकल से ग्लोबल’ की ओर झारखंड की छलांग, भारत टेक्स 2026 में छह जीआई टैग उत्पादों का प्रदर्शन
पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि अवैध शराब की बड़ी खेप बरही के रास्ते बिहार में प्रवेश करने वाली है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। बिहार पुलिस के साथ संयुक्त रूप से रसोईधामना टोल प्लाजा के समीप घेराबंदी की गई। कुछ ही देर बाद एक ट्रक और उसके आगे चल रही बिना नंबर की छोटी गाड़ी दिखाई दी। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर जांच की तो ट्रक शराब से खचाखच भरा मिला।
मामले में तीन गिरफ़्तार
इस कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक राकेश कुमार, बिना नंबर की गाड़ी चला रहे खिरोधर साव उर्फ गुलाब साव तथा सन्नी कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पुलिस को शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में अहम सुराग मिले हैं।
बरामद शराब में 750 एमएल की 3,588 बोतल, 350 एमएल की 14,208 बोतल तथा 180 एमएल की 14,352 बोतल शामिल हैं।
पूरे सिंडिकेट की तलाश
हजारीबाग पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के पूरे सिंडिकेट की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि खेप किसके इशारे पर लाई जा रही थी और इसकी अंतिम डिलीवरी कहां होनी थी। पुलिस ने शराब से लदे ट्रक (HP72D-7889) के साथ तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की छोटी गाड़ी भी जब्त कर ली है।


