देवघर : सात फेरों के साथ जिस बहू ने नए घर में कदम रखा था, उसी पर कुछ ही महीनों बाद अपने ही परिवार की दो जिंदगियां खत्म करने का आरोप लगा है। देवघर के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के उपर नावाडीह गांव में हुए सनसनीखेज ढंग से हुए इस दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। जांच में सामने आया कि शबाना खातून ने अपने कथित प्रेमी ईरशाद अंसारी के साथ मिलकर अपनी सास और देवर की हत्या की पूरी पटकथा पहले ही लिख दी थी।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand SIR: CEO के. रवि कुमार ने जारी किए सख्त निर्देश, वोलेंटियर्स की तय हुई जिम्मेदारी; जाने SIR से जुड़ी सारी बातें…
पुलिस के मुताबिक, अप्रैल 2026 में शबाना की शादी हुई थी, लेकिन विवाह के बाद भी उसका कथित प्रेम संबंध जारी रहा। जांच में सामने आया कि वारदात की रात प्रेमी ईरशाद मोबाइल फोन पर लगातार उससे संपर्क में था और एक-एक कदम पर निर्देश दे रहा था। आरोप है कि उसी योजना के तहत घर में सो रही सास और देवर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए गए। दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घर कुछ ही मिनटों में खून से लाल हो गया।
वारदात के बाद आरोपियों ने कहानी को दूसरा मोड़ देने की कोशिश की, लेकिन तकनीक ने उनके सारे राज खोल दिए। मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन, वैज्ञानिक साक्ष्य और फॉरेंसिक जांच ने हत्या की पूरी साजिश बेनकाब कर दी। पुलिस का कहना है कि यह कोई आवेश में उठाया गया कदम नहीं था, बल्कि पहले से रची गई सुनियोजित हत्या थी।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने दिन-रात एक कर जांच की और महज 24 घंटे में पूरे मामले की परतें खोल दीं। पुलिस ने बहू और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और हथौड़ा बरामद किए गए हैं। खून से सने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य भी जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।




