रांची : साल 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी और सीआईडी में एसपी के पद पर तैनात एहतेशाम वकारिब को जमशेदपुर के नए एसएसपी के पद पर पदस्थापित किया गया है. इसी तरह साल 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी व जैप-3 के कमांडेंट मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां का नया एसपी बनाया गया है. गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है साथ ही उन्हें तत्काल नए स्थान पर प्रभार ग्रहण करने का आदेश दिया गया है. दोनों अधिकारियों का मूवमेंट ऑर्डर भी पुलिस मुख्यालय ने जारी कर दिया है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : परिसीमन के खिलाफ आदिवासी समाज गोलबंद, “आदिवासी एकता महाजुटान रैली” को लेकर बैठक में बनी रणनीति
CM ने दिया था आदेश
बता दें कि जमशेदपुर में शनिवार को करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह पर पुलिस के सामने जानलेवा हमला होने व बाद में इलाज के दौरान मौत होने की घटना हुई थी. इसके बाद परिजनों व स्थानीय लोगों में घटना को लेकर बढ़ते आक्रोश के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण न लगा पाने के कारण एसएसपी पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां में बीते दिनों आदिवासी युवती संग थाने में मारपीट की घटना होने पर एसपी निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाने का निर्देश दिया गया था.
वरीय अधिकारियों को निर्देश
इन दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने की जानकारी देते हुए सीएम ने स्पष्ट किया था कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कर्तव्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी. सीएम ने चाईबासा के आयुक्त एवं रांची के ADG को क्षेत्र में लगातार कैंप कर स्थिति की प्रतिदिन समीक्षा करने और DIG कोलहान को जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी करने का भी निर्देश दिया था.
क्या है मामला
दरअसल जमशेदपुर में डबल डाउन बार के पास पुलिस के सामने शनिवार को दो युवक पर चाकू से हमला किया गया था. जिसमें हिमांशु की मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया. इस मामले की जांच की जिम्मेदारी एडीजी मनोज कौशिक को दी गई है. वह खुद जमशेदपुर में रह कर गतिविधि पर लगातार नजर रखते हुए स्थिति को नियंत्रण में लाने की कवायद में जुटे हैं. वहीं कोल्हान डीआईजी को भी मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि वह जमशेदपुर में रह कर विधि व्यवस्था को देखेंगे.




