पटना : भोजपुरी स्टार पवन सिंह व स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत बिहार विधान परिषद के लिए पिछले महीने निर्वाचित हुए 10 नए सदस्यों ने बुधवार को विधान परिषद सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. विधान परिषद में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शपथ लेने वालों में एनडीए के 9 और आरजेडी के एक सदस्य शामिल हैं. विधान मंडल परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सभी नए सदस्यों को शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई नेता मौजूद रहे।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : WhatsApp Username Feature: नए फीचर की जांच करेगी सरकार; कहा- टेलीग्राम की तरह गलत इस्तेमाल की आशंका
जदयू के ललन प्रसाद ने पहले ली शपथ
सबसे पहले जदयू के ललन प्रसाद ने विधान परिषद सदस्य के रूप में शपथ ली। ललन प्रसाद, जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खाली की हुई सीट से एमएलसी चुने गए हैं। इसके बाद भाजपा के अनिल ठाकुर, लोजपा (रामविलास) के अशरफ अंसारी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और पवन सिंह ने नए सदस्य के रूप में शपथ ली. निशांत और पवन, दोनों पहली बार सदन पहुंचे हैं।
इसके बाद तीनों नवनिर्वाचित महिला एमएलसी का शपथ ग्रहण हुआ। जेडीयू की भारती मेहता छठे एवं शिवरानी देवी ने सातवें नंबर पर शपथ ली। इसके बाद भाजपा की महिला एमएलसी शीला प्रजापति का शपथ ग्रहण हुआ। उकने बाद भाजपा के संजय मयूख और सबसे आखिरी में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुनील कुमार सिंह ने शपथ ली।
बिहार में बने फिल्म सिटी : पवन सिंह
भाजपा के नवनिर्वाचित एमएलसी पवन सिंह ने शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि वह एक कलाकार हैं। वह चाहते हैं कि बिहार में फिल्म सिटी बने और नए कलाकारों को यहीं काम मिले। उन्हें रोजगार के लिए बिहार से बाहर नहीं जाना पड़े।
सीएम सम्राट चौधरी ने दी बधाई
सीएम सम्राट चौधरी ने सभी एमएलसी सदस्यों को शपथ लेने पर बधाई देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, आज बिहार विधान परिषद् के नव-निर्वाचित माननीय सदस्यगण के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित होकर उन्हें हार्दिक बधाई एवं यशस्वी कार्यकाल की अग्रिम शुभकामनाएं दी। विश्वास है कि आप सभी अपने अनुभव, प्रतिबद्धता और सकारात्मक योगदान से राज्य के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




