रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को एक बिल्कुल अलग और जुदा अंदाज में नजर आए। राजनीति की व्यस्त दिनचर्या और फाइलों के बोझ से थोड़ा समय निकालकर सीएम हेमंत सोरेन खुद स्टीयरिंग व्हील थामे नजर आए। वे खुद कार ड्राइव करके राजधानी रांची के बेहद खूबसूरत और मशहूर पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल पहुंचे। इस खास सफर में उनके साथ उनकी पत्नी और गांडेय विधानसभा क्षेत्र की विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।
Highlights:
रविवार की छुट्टी मनाने जोन्हा फॉल पहुंचे पर्यटक और स्थानीय ग्रामीण उस वक्त हैरान रह गए, जब उन्होंने बिना किसी तामझाम और भारी सुरक्षा प्रोटोकॉल के मुख्यमंत्री को अपने बेहद करीब पाया। इस दौरे पर सीएम के साथ रांची जिला के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री भी मौके पर मौजूद रहे।
“जंगल जीवन हैं, झरने संगीत हैं…”

जोन्हा फॉल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रकृति की वादियों का भरपूर आनंद लिया। चारों ओर फैली हरियाली और ऊंचाई से गिरते झरने के बीच उन्होंने कुछ पल सुकून के बिताए। झारखंड की इस अलौकिक छटा से अभिभूत होकर मुख्यमंत्री ने कहा, “जंगल जीवन हैं, झरने संगीत हैं, और हरियाली की गोद में बसता हमारा झारखंड अद्वितीय है। राज्य की यह प्राकृतिक सुंदरता ही हमारी असली पहचान और सबसे बड़ी ताकत है।”
ग्रामीणों के बीच पहुंच जाना हाल-चाल

सीएम सोरेन का यह दौरा सिर्फ घूमने तक सीमित नहीं रहा। फॉल परिसर में घूमते हुए वे स्थानीय दुकानदारों, ग्रामीणों और पर्यटकों के पास खुद चलकर गए। उन्होंने बेहद आत्मीयता के साथ लोगों से हाथ मिलाया, उनका कुशलक्षेम पूछा और स्थानीय समस्याओं को लेकर बातचीत की। मुख्यमंत्री को इतने सरल और सादगी भरे अंदाज में अपने बीच पाकर स्थानीय ग्रामीण और दुकानदार बेहद खुश नजर आए।
ये भी पढ़ें: निर्मला सीतारमण को मिल सकता है शिक्षा मंत्रालय, धर्मेंद्र प्रधान पर गिरेगी गाज? नई कैबिनेट की संभावित लिस्ट
वर्ल्ड क्लास बनेगा जोन्हा फॉल, स्थानीय रोजगार पर फोकस
इस औचक दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि राज्य सरकार झारखंड के प्राकृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों की सूरत बदलने के लिए बेहद गंभीर है। जोन्हा फॉल जैसे अद्भुत स्थलों को और अधिक पर्यटक-अनुकूल बनाया जाएगा। सीएम ने कहा कि इन स्थलों पर सुरक्षा और सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी ताकि देश-विदेश से आने वाले लोग सुरक्षित माहौल में यहां का दीदार कर सकें, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हों।

मुख्यमंत्री का खुद गाड़ी चलाकर जनता के बीच पहुंचने का यह वीडियो और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग सीएम की इस सादगी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
ये खबर भी देखें:




