कोलकाता : दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होने वाले पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने प्रशासनिक स्तर पर एक और बड़ा फेरबदल किया है। आयोग ने पूर्व मेदिनीपुर के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) सहित छह आइएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। पूर्व मेदिनीपुर के डीएम उन्नीस रिशिन इस्माइल को पद से हटा दिया गया है। उन पर चुनाव से ठीक पहले संविदा कर्मचारियों की भर्ती करने के आरोप लगे थे।
इसे भी पढ़ें : गुजरात विधानसभा में यूसीसी बिल पारित, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आई प्रतिक्रिया
आयोग ने इन आरोपों को गंभीर मानते हुए उन्हें हटाने का निर्णय लिया। उनकी जगह निरंजन कुमार को नया जिला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। आयोग ने इसके साथ ही पांच अन्य जिलों में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) स्तर पर भी बदलाव किए हैं। उत्तर 24 परगना में तैनात विशेष सचिव तेजस्वी राणा को भाटपारा विधानसभा क्षेत्र का रिटर्निंग आफिसर बनाया गया है।
अलीपुरद्वार के एडीएम आदित्य विक्रम मोहन को मुर्शिदाबाद के रानीनगर, पूर्व बर्दवान के एडीएम रोहन लक्ष्मीकांत को बांकुरा के रानीनगर, झाड़ग्राम के एडीएम लक्ष्मण पेरुमल को बांकुरा के तालडंगरा और बांकुरा के एडीएम श्रीनिवास वेंकटराव पाटिल को मालदा के वैष्णवनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


