मुंबई : रैपर-सिंगर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ़ बादशाह को गिरफ़्तार करने के लिए हरियाणा पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. बादशाह को पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस भी जारी हो गया है. बादशाह के नए गाने ‘टटीरी’ के बोल पर विवाद हो गया है. उन पर एफ़आईआर दर्ज हुई है और हरियाणा महिला आयोग ने भी उनको समन भेजा है.
हरियाणा पुलिस ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा, “बादशाह के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज हो गई है. अभियुक्त के ख़िलाफ़ लुकआउट सर्कुलर जारी कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.”
हरियाणा पुलिस ने आगे लिखा, “पंचकूला पुलिस ने यूट्यूब से विवादित गाना हटवाया, अन्य सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से भी वीडियो हटवाने की कार्रवाई जारी है. आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर भी सख़्त क़ानूनी कार्रवाई होगी.”
हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने कहा है, “बादशाह ने इस गाने में शर्मसार करने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया है. इस आपत्तिजनक भाषा को वापस लेना चाहिए और माफ़ी माँगी जानी चाहिए.”


