चेन्नई: तमिलनाडु के सलेम में आयोजित TVK प्रमुख विजय की रैली के दौरान 37 साल के एक व्यक्ति की हीटस्ट्रोक से मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। वहीं दूसरी ओर, राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज है, क्योंकि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने महिलाओं के खातों में बड़ी राशि ट्रांसफर करने की घोषणा की है।
Highlights:
रैली में सीने में दर्द के बाद गिरा युवक
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सूरज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला था और कई वर्षों से सलेम में रह रहा था। रैली के दौरान उसे अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई और वह गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कुछ समय पहले सूरज की एंजियोप्लास्टी हुई थी। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि 27 सितंबर को तमिलनाडु के करूर में भी विजय की रैली के दौरान भगदड़ मच गई थी। उस घटना में 41 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।
महिला अधिकार योजना के तहत
इस बीच मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बताया कि उनकी सरकार ने कलैगनार महिला अधिकार योजना के तहत राज्य की 1.31 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में ₹5,000 जमा किए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इसमें से ₹3,000 फरवरी, मार्च और अप्रैल की किस्तों के रूप में पहले ही दिए जा चुके हैं, जबकि ₹2,000 समर स्पेशल पैकेज के तहत ट्रांसफर किए गए हैं। स्टालिन ने कहा कि यदि उनकी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) दोबारा सत्ता में आती है, तो महिलाओं को मिलने वाली ₹1,000 की मासिक सहायता बढ़ाकर ₹2,000 कर दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग चुनाव का हवाला देकर योजना की राशि रोकना चाहते थे, लेकिन सरकार ने समय रहते राशि जारी कर दी ताकि लाभार्थियों को कोई दिक्कत न हो।
BJP का हमला
वहीं तमिलिसाई सौंदरराजन ने मुख्यमंत्री के इस कदम को चुनावी डर से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेवजह केंद्र सरकार पर आरोप लगा रही है। तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं और इस साल के पहले छह महीनों में चुनाव होने की संभावना है। वर्ष 2021 में हुए पिछले चुनाव में DMK ने बहुमत हासिल किया था। रैली में हुई मौत और चुनावी घोषणाओं के बीच तमिलनाडु की राजनीति फिलहाल गरमाई हुई है।


