हैदराबाद : तेलंगाना में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। हैदराबाद से करीब 50 किलोमीटर दूर रंगारेड्डी जिले में बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों को मार दिया गया। इस घटना में लगभग 100 कुत्तों को जहर देकर मौत के घाट उतारा गया है। इससे पहले भी तेलंगाना में 500 कुत्तों को मारे जाने का मामला सामने आ चुका है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
पुलिस को आशंका है कि यह काम किसी आम व्यक्ति ने नहीं, बल्कि पेशेवर लोगों से करवाया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गांव के सरपंच और उसके कुछ सहयोगियों के इशारे पर कुत्तों को मारा गया। पुलिस ने इस मामले में सरपंच समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें एक वार्ड सदस्य और ग्राम सचिव भी शामिल हैं। इस घटना की शिकायत स्ट्रे एनिमल फाउंडेशन ऑफ इंडिया की प्रतिनिधि प्रीति मुदावत ने पुलिस में दर्ज कराई है। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 3(5) और 11(1)(a)(i) के तहत मामला दर्ज किया है। यह मामला 19 जनवरी का बताया जा रहा है।
पुलिस का मानना है कि कुत्तों को जहर देने के बाद उनके शवों को गांव के बाहर कहीं दफना दिया गया। स्थानीय थाना प्रभारी नंदेश्वर रेड्डी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और उन जगहों की तलाश की जा रही है, जहां कुत्तों को दफनाया गया हो। गांव से अचानक कई कुत्ते गायब हो गए थे। जब गांव वालों से इसके बारे में पूछा गया तो उन्होंने अलग-अलग और विरोधाभासी जवाब दिए, जिससे शक और गहरा गया। बाद में वार्ड सदस्य अदुलपुरम गौतम ने खुलासा किया कि कुत्तों को पहले बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया और फिर जहरीला इंजेक्शन देकर मार दिया गया।


