पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत कान्दू मोहल्ला में अपराधियों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैला दी. इस हमले में पूर्व मुखिया नवीन प्रसाद और एक दुकानदार अजीत गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. नवीन प्रसाद, जिनकी पत्नी नगर निगम की वार्ड पार्षद रह चुकी हैं, अपने क्षेत्र में कंबल वितरण को लेकर स्थानीय लोगों से चर्चा कर रहे थे. इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं.
घटना को कैसे दिया अंजाम?
हमले से बचने के लिए नवीन प्रसाद पास की एक दुकान में शरण लेने के लिए घुसे, लेकिन हमलावरों ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा और फायरिंग जारी रखी. इस प्रक्रिया में नवीन प्रसाद के सीने में गोली लगी, जबकि दुकान मालिक अजीत गुप्ता के हाथ में गोली लग गई. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया है.
जांच में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी राजीव रंजन और टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी की जा रही है. इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से छानबीन कर रही है.


