पटना : उड़ीसा हाईकोर्ट के जस्टिस रहे संगम कुमार साहू को बुधवार को पटना हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई गई। पटना के लोकभवन में आयोजित समारोह में उन्हें राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने पद एवं गोपनीता की शपथ दिलाई. इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नीतीश कैबिनेट के कई वरिष्ठ मंत्री, पटना हाई कोर्ट के सभी न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
बता दें कि जस्टिस संगम कुमार साहू को पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने पटना उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाने की अनुशंसा की थी, जिसके बाद केंद्रीय कानून मंत्रालय ने इस संबंध में राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद अधिसूचना जारी किया था। इसके बाद आज औपचारिक रूप से उन्होंने अपने पद का कार्यभार संभाल लिया. न्यायिक जगत में उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि उनके नेतृत्व में पटना हाई कोर्ट में न्यायिक कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी.


