जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा जिले जामताड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी ही पड़ोस की 5 साल की मासूम बच्ची के के साथ दुष्कर्म की शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, यह शर्मनाक घटना शनिवार सुबह की बताई जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है।
Highlights:
नीम के पत्ते तोड़ने के बहाने बुलाया और…
पुलिस जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह शर्मनाक घटना शनिवार सुबह की है। आरोपी की पहचान विधान बावड़ी (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पीड़िता का पड़ोसी है। बताया जा रहा है कि मासूम बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी, तभी आरोपी ने उसे नीम के पत्ते तोड़ने के बहाने फुसलाकर अपने पास बुलाया। जब बच्ची उसके पास गई, तो आरोपी ने उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्परता दिखाई। पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर आरोपी विधान बावड़ी को धर दबोचा। महिला थाना में कांड संख्या 01/26 दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर मामले को और मजबूती दी जाएगी। आरोपी को फिलहाल जेल भेज दिया गया है।
जनता ने की स्पीडी ट्रायल की मांग
इस हैवानियत भरी घटना के बाद जामताड़ा शहर में लोगों का गुस्सा चरम पर है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिस उम्र में बच्ची को सुरक्षा और स्नेह मिलना चाहिए था, वहां उसके साथ ऐसी दरिंदगी होना समाज के लिए शर्मनाक है। इसके साथ ही लोगों ने मामले की सुनवाई स्पीडी ट्रायल (त्वरित सुनवाई) के जरिए कराने की मांग की है ताकि न्याय में देरी न हो। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित सुरक्षा और सहायता प्रदान की भी मांग कि गई है।


