पलामू : पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दुल्हर गांव में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस के अनुसार दुल्हर गांव के रवीन्द्र राम का चार वर्षीय पुत्र मायानंद राम सुबह आंगनबाड़ी में पढ़ने जा रहा था। इसी दौरान एक स्कूली बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Highlights:
इस घटना को लेकर थानेदार सोनू कुमार चौधरी ने बताया कि घटना के बाद मौके से स्कूल बस भाग गया है, लेकिन बस को पहचान लिया गया है। पुलिस की एक विशेष टीम उसे और चालक की तलाश में है।
पांकी-मेदिनीनगर सड़क दो घंटे तक रहा जाम
पलामू जिले के पांकी थानान्तर्गत हुई एक अन्य सङक दुर्घटना में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पांकी -मेदिनीनगर रोड को कोनवाई के पास दो घंटे तक जाम कर दिया.
लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार झा ने बताया कि कल देर शाम बाईक सवार अभिजीत कुमार को चार पहिया वाहन ने धक्का मार दिया था , जिसकी मौत शुक्रवार सुबह को इलाज के दौरान हो गई, इसे लेकर आक्रोशित लोगों की ओर से सड़क को जाम किया गया था । उन्होंने जानकारी दी कि बाईक पर दो व्यक्ति सवार थे, एक अन्य बाइक सवार लव कुमार को हल्की चोट आई है ,यह खतरे से बाहर है ।
एसडीपीओ ने बताया कि संदेह के आधार पर लोगों ने एक ट्रैक्टर एवं उसके चालक को पकड़ा गया था, इसे रात में थाना लाया गया था। दूसरी तरफ घटना के बाद आज सुबह स्थानीय विधायक शशिभूषण मेहता (भाजपा) एवं प्रशासनिक अधिकारियों के जाम स्थल पर उत्तेजित लोगों को उचित मुआवजा दिए जाने के आश्वासन के बाद जाम हटा। इस जाम में हजारों की संख्या में पुरूष और महिलाएं शामिल थी।


