रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा के तहत भाषा विषय के स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य पद के लिए 22 अन्य अभ्यर्थियों का चयन किया है। आयोग ने शुक्रवार को इसका अतिरिक्त परिणाम जारी किया। नई सूची जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है।
Highlights:
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
सुप्रीम कोर्ट का आदेश
आयोग ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में संशोधित परिणाम प्रकाशित किया गया है। इसके कारण 12 अभ्यर्थियों के जिले में बदलाव किया गया है। कुछ उम्मीदवारों की श्रेणी यानी कोटि में भी परिवर्तन हुआ है। आयोग ने इन सभी अभ्यर्थियों की अलग सूची जारी कर दी है। आयोग की ओर से यह भी कहा गया है कि विभिन्न मामलों में कोर्ट में सुनवाई चल रही है। ऐसे में अंतिम आदेश आने के बाद परिणाम में फिर संशोधन संभव है।
कुछ अभ्यर्थियों का परिणाम लंबित
आयोग ने जानकारी दी है कि कुछ उम्मीदवारों के जरूरी प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण उनके परिणाम फिलहाल लंबित रखे गए हैं। दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बाद इन अभ्यर्थियों के संबंध में आगे निर्णय लिया जाएगा।
भाषा शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम 15 सितंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। आयोग के अनुसार उस समय टंकण त्रुटि के कारण पंजीयन संख्या 113348001 को परिणाम में शामिल कर लिया गया था। अब जांच के बाद इस पंजीयन संख्या को परिणाम सूची से हटा दिया गया है।
ANM परिक्षा अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना
इसी बीच आयोग ने झारखंड एएनएम प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को लेकर भी महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। आयोग के अनुसार 21 मई को प्रथम पाली में प्रमाणपत्र जांच के दौरान तकनीकी कारणों से कुछ अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो पाया था। ऐसे अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन अब 2 जून को कराया जाएगा। यह प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामकोम स्थित आयोग कार्यालय में होगी। आयोग ने संबंधित अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होने का निर्देश दिया है। आयोग ने उम्मीदवारों से कहा है कि वे भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी नई जानकारी और संशोधन के लिए समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें, ताकि किसी भी जरूरी सूचना से वंचित न रहें।
यह भी पढ़ें: JTET आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 2 जून तक भर सकेंगे फॉर्म


