न्यूज डेस्क : बिहार के नालंदा थाना क्षेत्र एक गांव में 17 वर्षीय इंटर की छात्रा के साथ हथियार के बल पर कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया. जिसके बाद पीड़िता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका ने हाल ही में अपने इंटर की परीक्षा दी थी जिसमें वह सेकंड डिवीजन से पास हुई थी. वो अपने 5 बहनों में से सबसे छोटी थी.
Highlights:
खेत में गेंहू काटने गए थे परिजन
जानकारी के अनुसार, पीड़िता गुरुवार की शाम अपने घर पर अकेली थी. इसी दौरान एक युवक उसके घर के अंदर घुस गया और पिस्टल की नोक पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. मृतक के पिता ने कहा कि घटना की रात वो लोग खेत में गेंहू काटने गए थे. रात के लगभग 9 बजे जब वे घर लौटे तो उन्हें बेटी की चिल्लाने की आवाज सुनाई दी. जिसके बाद वे अंदर गए और देखा कि पड़ोस का एक युवक हाथ में पिस्टल लिए वहां मौजूद था.
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी का पिता मौके पर पहुंचा और इज्जत का हवाला देकर मामला दबाने का प्रयास करने लगा. वहीं रिश्तेदारों ने कहा कि, पूर्व में वार्ड कमिश्नर के चुनाव में रंजिश के कारण आरोपी पक्ष उनसे खुन्नस रखता था.
परिजनों का समझाना भी नहीं आया काम
परिजनों ने धमकी और डर के कारण पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी. लेकिन उन्होंने बेटी को सांत्वना दी कि उसे इंसाफ दिलाया जाएंगा. जिसके बाद छात्रा अपने कमरे में चली गई. सुबह होते ही परिजन फिर से खेत में काम करने चले गए थे, वहीं लगभग 9 बजे पीड़िता की मां घर पहुंची तो देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था.
दीवार के सहारे उन्होंने घर के अंदर देखा, जहां छात्रा अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई थी. वहीं परिजनों ने कहा की घटना के बाद आरोपी पूरे गांव में बेखौफ घूम रहा है और पुलिस प्रशासन को चुनौती दे रहा है. परिजनों ने आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
क्या कहना है पुलिस अधिकारियों का
घटना को लेकर राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि करीब 10 बजे पुलिस को सूचना दी गई कि एक लड़की ने पंखे लटककर आत्महत्या कर ली है. जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया.


